Showing posts with label Army. Show all posts
Showing posts with label Army. Show all posts

Wednesday, October 5, 2016

राष्ट्रवादियों को केवल मरे हुए सैनिक पसन्द हैं।

     जब से सर्जिकल स्ट्राइक की खबरें आयी हैं, सारे भक्त राष्ट्रवाद की शराब पी कर उन्माद की अवस्था में पहुंच गए हैं। कोई शरीफ आदमी अगर इनको थोड़ा शांत रहने को कह देता है तो इन्हें उसमे नवाज शरीफ नजर आने लगता है। अपने कामकाज को लेकर निचले दर्जे पर पहुंच चुकी विश्वसनीयता को बहाल करने के लिए इस सरकार के पास इसके अलावा कोई दूसरा रास्ता नही बचा था। सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक के ढोल पीटे और उन राज्यों में प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री के सम्मान समारोह रख दिए, जिनमे निकट भविष्य में चुनाव हैं। अगर बीजेपी और सरकार के सारे बयानों और पोस्टरों को देखें तो ऐसा लगता है की सर्जिकल स्ट्राइक को सेना ने नही बल्कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अंजाम दिया था।
                इस सर्जिकल स्ट्राइक से पाकिस्तान ने इंकार किया तो ये उसकी मजबूरी हो सकती है, लेकिन UNO के इंकार के मायने हैं। इसलिए लोगों ने सबूत पेश करने की मांग की। उन सबको भक्तों ने गद्दार घोषित कर दिया। सोशल मीडिया पर गालियां दी जाने लगी और सेना का मनोबल गिराने के इल्जाम लगाए जाने लगे।
                लेकिन असल में इन भक्तों और राष्ट्रवादियों को सैनिकों से कोई लेना देना नही है। एक तो उनके परिवार से शायद ही कोई सेना में हो, दूसरा उन्हें केवल मरे हुए सैनिक चाहियें ताकि उनके रोते हुए बच्चों और बिलखते माँ बाप की तस्वीरें दिखा कर देश में उन्माद पैदा किया जा सके। उनके टीवी चैंनल लगातार उन्हें दिखा कर खुद को देशभक्त भी साबित कर सकें,TRP भी बढ़ा सकें और उन्माद भी पैदा कर सकें।
                वरना एक साल से ज्यादा समय से जंतर मन्तर पर धरने पर बैठे भूतपूर्व सैनिक इनको दिखाई नही दिए। सारी उम्र देश की सेवा करके रिटायर हुए इन सैनिकों को वन रैंक-वन पेंशन कभी का दे दिया गया होता । इन पर कोई भक्त, कोई राष्ट्रवादी नही बोलता। दो महीने से ज्यादा हो गए जब हमारा एक विमान 29 सैनिकों के साथ लापता हो गया था, उसके लिए सरकार और भक्तों की आँख में एक आँसू नही दिखा। जो लोग आज पाकिस्तानियों को निकालने की धमकी दे रहे हैं ये वही लोग हैं जो कल बिहारियों और उत्तर भारतीयों को निकालने की धमकी देते थे। उससे पहले गुजरातियों और तमिलों को निकालने की धमकी देते थे। इनका राष्ट्रवाद अपने घर से आगे नही जाता। इनके लिए सब मोहरे हैं। एक बयान ने सलमान खान की क्या हालत कर दी। सारी जिन्दगी की मोदी भक्ति एक झटके में गद्दारी में बदल गयी।
               और इस उन्माद की आड़ लेकर सरकार ने क्या क्या नही किया। झारखण्ड से छत्तीसगढ़ तक गरीब आदिवासियों और किसानों को गोलियों से भून दिया ताकि उनकी जमीन पर कब्जा किया जा सके।
                   इस तरह का उन्मादी राष्ट्रवाद जनविरोधी होता है। वह अमरबेल की तरह जनता के लहू पर पनपता है और उसे ही नष्ट करता है। इस राष्ट्रवाद को उन्माद भड़काने वाली तस्वीरें चाहियें और वो तस्वीरें अगर लाशों की हों तो और अच्छा।

Friday, March 4, 2016

Vyang -- देश को खूबसूरत बनाने के लिए सेना की जरूरत।

                हम पर ये आरोप लगाना गलत है की हम हर मामले में सेना और सैनिकों के सम्मान को घसीट रहे हैं। जो लोग ऐसा कहते हैं, दरअसल वो लोग देश के प्रति हमारी सोच को समझते ही नही हैं। इसलिए मैं आज यहां इस बात को साफ कर देना चाहता हूँ।
                  हम मानते हैं की हमारा देश खूबसूरत होना चाहिए। इसलिए देश के लोग, उसकी जमीन और उसका सबकुछ खूबसूरत होना चाहिए। इसलिए हम कश्मीर को भारत में बनाये रखने के हित में हैं। जहां तक कश्मीर के लोगों का सवाल है, वो चाहें तो यहां रह सकते हैं वरना पाकिस्तान जा सकते हैं। कश्मीर को भारत के साथ रखने के लिए हमे वहां के लोगों की जरूरत नही है। उसके लिए हमारे पास सेना है। हम ये भी मानते हैं की कश्मीर का जो हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में है वो भी भारत में होना चाहिए। हम पाकिस्तान के साथ इस बात पर समझौता कर सकते हैं की वो अपने कब्जे वाले कश्मीर की जमीन हमे लौटा दे, भले ही वहां के लोगों को अपने पास रख ले। लोग तो हम हमारे कब्जे वाले कश्मीर से भी उसको दे सकते हैं।
                 उसी तरह हमारा मानना है की छत्तीसगढ़ और झारखंड इत्यादि में जो जंगल और खदाने हैं, वो खूबसूरत होनी चाहियें। वहां अभी बहुत बड़ी तादाद में कुरूप और भोंडे आदिवासी रहते हैं। हम उनको वहां से हटा रहे हैं और वो जमीन खूबसूरत उद्योगपतियों को दे रहें हैं। हम देश से प्यार करते हैं इसलिए उसे खूबसूरत बनाना चाहते हैं। इसलिए हमने बड़ी तादाद में सुरक्षा बलों को वहां तैनात कर रखा है और उन्होंने काफी इलाका खाली भी करवा लिया है। हमे उम्मीद है की जल्दी ही पूरा इलाका एक खूबसूरत जगह में बदल जायेगा। जहां तक बात वहां के बदसूरत आदिवासियों की है, उनमे से बहुत से लोग तो नक्सली कहकर मारे जा चुके होंगे और बाकि भाग चुके होंगे। लेकिन हम इतना जरूर कहना चाहते हैं की वो कहीं भी भाग लें, उनके लिए इस खूबसूरत देश में कोई जगह नही है। इसका कारण ये है की हमारी योजना पुरे देश को खूबसूरत बनाने की है।
                  हम इस देश के शहरों को खूबसूरत बना रहे हैं। हम वहां से गंदी बस्तियां और झोपड़ियाँ हटा रहे हैं। कई देशद्रोही सवाल उठाते हैं की उनमे रहने वाले लोग कहां जायेंगे। ये लोग देश को खूबसूरत बनाने की हमारी मुहीम में रोड़ा अटका रहे हैं। ये विकास विरोधी लोग हैं और इन्हे इस बात का जवाब देना होगा। जो लोग देश को बदसूरत बनाते हैं, शहरों को गंदा करते हैं उनके साथ सहानुभूति एक तरह का देशद्रोह ही है। उन बस्तियों को हटा कर वहां खूबसूरत मॉल बनाये जायेंगे या फिर खूबसूरत बच्चों के लिए मनोरंजन पार्क बनाये जायेंगे और उनकी एंट्री फ़ीस इतनी रखी जाएगी की बदसूरत बच्चे वहां घुसना तो दूर उसकी कल्पना भी नही कर सकते।
                    देश के विकास के लिए उद्योग धन्धों का विकास  जरूरी होता है। कारखानो का मॉल नही बिकने के कारण हमारे खूबसूरत और प्यारे उद्योगपति बहुत चिंतित थे। इसलिए हमने उनके लिए रास्ता निकाल दिया है। अब वो उद्योग ना लगाएं। हम उन्हें सड़कें, स्कूल, हस्पताल, पार्क, पानी और कचरा उठाने  तक का
काम दे रहे हैं। ये ऐसे काम हैं जिनके बिना कोई जिन्दा नही रह सकता। कुछ दिनों बाद पूरा देश इन खूबसूरत उद्योगपतियों के रहमोकरम पर जिन्दा रहेगा। लोग आखिर जायेंगे कहां ? वो स्कूल जायेगे तो इन्हे पैसा देना पड़ेगा, हस्पताल जायेंगे तो इन्हे पैसा देना पड़ेगा, पानी पिएंगे तो पैसा देना पड़ेगा, यहां तक की मर भी जायेंगे तो श्मशान घाट पर भी पैसा देना पड़ेगा। और ये कोई गलत बात नही है। सतयुग में भी राजा हरिश्चंद्र ने अपने ही पुत्र को जलाने के लिए अपनी ही पत्नी से पैसा माँगा था। हम सतयुगी परम्परा को जिन्दा करेंगे।
                 हम तो किसानो से जमीन लेकर उसे भी खूबसूरत बनाना चाहते थे लेकिन कुछ देशद्रोहियों ने इसमें अड़ंगा लगा दिया। खैर कोई बात नही, अभी हमने इस योजना को वापिस नही लिया है। हम देश के खेत और खलिहानों को भी खूबसूरत बना कर रहेंगे। कुछ गद्दार और बदसूरत किसान आत्महत्या करके विदेशों में देश की बदनामी कर रहे हैं इसे हम बर्दाश्त नही करेंगे। हालाँकि हमने इसे फैशन शो घोषित करके नुकशान को कम करने की कोशिश की है। फिर भी हम सरकार की तरफ से उन्हें चेतावनी जारी करते हैं की भविष्य में जो भी किसान आत्महत्या करेगा उस पर देशद्रोह का केस बना कर जेल में डाल दिया जायेगा।
                 और ये सारे काम करने के लिए हमे सेना की जरूरत पड़ेगी। क्योंकि हम जानते हैं की देश में देशद्रोहियों की संख्या भी कुछ कम नही है। वो सैनिकों को ये बात याद दिलाते रहते हैं की वो भी किसान के बेटे हैं और बेरोजगार नौजवान उनके ही भाई बन्ध हैं। इस तरह की अफवाहें फैलाना देशद्रोह है। इसका मुकाबला करने के लिए हमने एक तरफ तो भक्तों की फौज बनाई है दूसरी तरफ हम सैनिकों को राष्ट्रवाद की शराब भी पिला रहे हैं। क्योंकि अगर वो इस बात को समझना शुरू कर देंगे तो देश को खूबसूरत बनाने का हमारा सपना अधूरा ही रह जायेगा। भारत माता की जय।