Showing posts with label Bharat Mata ki Jai. Show all posts
Showing posts with label Bharat Mata ki Jai. Show all posts

Saturday, April 9, 2016

व्यंग -- आम आदमी तो तिरंगा फहराने की हैसियत ही नहीं रखता।

             मैंने भी सोचा की तिरंगा फहरा ही दूँ। और साथ में भारत माता की जय का नारा भी लगा दूँ। मैं ये सोच ही रहा था की वो हो गया जिसकी आम आदमी को उम्मीद ही नहीं होती। जैसे चार पांच साल पहले बहुत से लोग सोचते थे की एक घर खरीद ही लें। जब तक वो फैसला ले पाते घर की कीमत आम आदमी की हैसियत से बाहर हो गई और वो सोचता ही रह गया। वही मेरे साथ हो गया।
               सुबह सुबह टीवी चालू किया तो देखा की जयपुर में भूतपूर्व डाकुओं का सम्मेलन चल रहा है। इन्होने आत्मसमर्पण किया था। लेकिन दिल में अभी तक डाकुओं वाला जोश बाकि था। हाथों में बंदूकें थी जो पता नहीं पुलिस ने जब्त क्यों नहीं की थी। खैर उन्होंने तिरंगा फहराने और भारत माता की जय बोलने की घोषणा कर दी। साथ में कन्हैया की सुपारी भी दे दी। मैं सन्न रह गया। अब तिरंगा फहराने का हक पाने के लिए किसी की जीभ या सर काटने पर इनाम रखना जरूरी हो गया है। उसके बाद मुझे कुछ समय लग गया सम्भलने में। जैसे ही संभला तो सोचा की आज फहरा ही दूँ।
             तभी देखा की छः सात फर्जी मुठभेड़ों के आरोपी गुजरात के भूतपूर्व DGP बंजारा गुजरात में प्रवेश कर रहे हैं। उनके समर्थक तिरंगा लिए हुए हैं और भारत माता की जय के नारे लगा रहे हैं। पुरे जोश में उत्सव मनाया जा रहा है। उसके बाद बोलते हुए बंजारा साहब ने कहा की अब वो निपटेंगे भारत माता के विरोधियों से। मुझे चककर आ गया। उनका निपटने का तरीका मुझे मालूम है। अब मुझे तिरंगा फहराने का मौका मिलता नहीं लग रहा था। तभी टीवी में समाचार सुना की दिल्ली से AC बस में बैठकर कुछ भक्त, मेरा मतलब है देशभक्त श्रीनगर जा रहे हैं NIT के गेट पर तिरंगा फहराने। मुझे लगा की इसमें कोशिश करनी चाहिए। एक तो वहां तिरंगा फहराने की कोई पाबंदी नहीं है। दूसरा सारा इंतजाम आयोजकों का है सो अपना कोई खर्चा नहीं है। उल्टा आते वक्त एक पेटी कश्मीरी  सेब और अखरोट भी लाए जा सकते है जैसे वैष्णो देवी की यात्रा के समय करते हैं। इसके मेरी एप्लिकेशन ख़ारिज हो गई। आयोजकों ने मुझे उस स्तर का भक्त यानि के देशभक्त नहीं माना। अखरोट का सपना सपना ही रह गया। तभी मेरे पड़ोसी ने मुझे बताया की भैया इतना आसान मत समझो। कश्मीर की जिस आधी सरकार के समर्थकों ने वहां छात्रों को झंडा फहराने के लिए उकसाया था उसी सरकार की पुलिस ने उन्हें धुन दिया।
                  मैंने झंडा फहराने का कार्यक्रम और भारत माता की जय बोलने का कार्यक्रम उचित समय तक स्थगित करने का फैसला कर लिया। मैं अभी स्थगित कर ही रहा था की बाबा रामदेव प्रकट हुए। उनके हाथ में नंगी तलवार थी और आँखों में बगदादी वाली चमक थी। उन्होंने आते ही मेरे गले पर तलवार रख दी और बोले की जो भारत माता की जय नहीं बोलेगा ऐसी लाखों गर्दन काट दी जाएगी। और इसकी शुरुआत तुमसे होगी।
  "लेकिन मुझसे क्यों ?" मैंने हकलाते हुए पूछा।
   " क्योंकि हमेशा शुरुआत भी और अंत भी तुम्हारे जैसों से ही होता है। क्योंकि गर्दने तो केवल गद्दारों की कटनी हैं।"  रामदेव ने जवाब दिया।
  " पर मैं गद्दार कैसे हो गया ?" मैंने पूछा।
  " देखो, संघ से जो बाहर है, वो देश का गद्दार है। हम फालतू बहस में नहीं पड़ना चाहते। इसलिए हमने आसान फार्मूला निकाल लिया है। " रामदेव ने मुझे बताया।
मैं डर के मारे बेहोश हो गया। बेहोशी के दौरान या नींद के दौरान मैंने सपना देखा की विजय माल्या, ललित मोदी, छोटा राजन, और कई लोग इकट्ठे होकर तिरंगा फहराने की तैयारी कर रहे हैं। सभा में भारत माता की जय बोली जा रही है। घबराकर मुझे होंश आ गया। फिर मैंने सोचा की तिरंगा फहराना और भारत माता की जय बोलना मुझ जैसे आम यानी गए गुजरे आदमी का काम नहीं है। इसके लिए हैसियत चाहिए। रुतबा चाहिए और एक विशेष प्रकार का अनुभव चाहिए। उसके बिना अगर कोई केवल देशभक्ति से प्रभावित होकर ये दुस्साहस करेगा तो उसके साथ वही हो सकता है जो NIT श्रीनगर के छात्रों के साथ हुआ।

Monday, April 4, 2016

जब भारत माता की जय बोलने पर जेल होती थी तब आप कहां थे रामदेव ?

                   देशभक्ति  का सीजन चल रहा है। हर खरगोश मारने वाला महान शिकारी का ख़िताब लगा कर घूम रहा है। इस दौर में एक नया नाम सामने आया है बाबा रामदेव का। रामदेव ने बड़े जोश से कहा है की वो कानून का सम्मान करते हैं वर्ना लाखों सर काटने का होंसला रखते हैं।
                 पहली बात तो  ये है की ये सारे देशभक्त तब सामने आ रहे हैं जब भारत माता की जय बोलने में कोई खतरा नहीं है। जब भारत माता की जय बोलने में खतरा था यानि आजादी की लड़ाई के समय तब आरएसएस और ये सब पोंगापंथी लोगों को उससे दूर रहने की सलाह देते थे। 1925 से 1947 तक पुरे बाइस साल आरएसएस के मुंह से ये नारा एक बार भी नहीं निकला। क्योंकि तब ये नारा खतरनाक माना जाता था। अब इसकी होड़ लगी है।
                   कानून के सम्मान की बात करने वाले और ये नारा लगाने वाले लोगों में बहुत से ऐसे लोग हैं जिनका विदेशों में काला धन जमा है। जो देश को गड्डे में उतारने के लिए जिम्मेदार हैं। इनमे बड़े पैमाने पर टैक्स चोर शामिल हैं। मिलावट करके हल्का सामान बेचने वाले शामिल हैं और किसानों की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले शामिल हैं। दूसरे शब्दों में कहें तो देश को लूटने वाले बड़ी संख्या में शामिल हैं। रामदेव पर इनमे से कई आरोप हैं मजदूरों को कानून के हिसाब से वेतन तक ना देने के आरोप सहित।
                     उन्होंने दूसरी बात होंसले की की है। सो उनका होंसला लोगों ने देखा हुआ है जब वो 50000 समर्थकों को रामलीला मैदान पर पुलिस कार्यवाही से पीटते हुए छोड़कर महिलाओं के कपड़े पहन कर भाग गए थे। जिस आदमी में थोड़ी सी भी शर्म बाकी हो वो दुबारा लोगों को मुंह दिखाने की हिम्म्त भी नहीं करें। खैर अगर तब उनमे होंसला नहीं था और अब पतंजलि की दवाईंयां खाकर पैदा हो  गया है तो मैं उनको ये होंसला दिखाने का उपाय बता सकता हूँ। आप वही तरीका अपना सकते हैं जो उधम सिंह ने अपनाया था। आप पाकिस्तान जाइये और जिन मसूद अजहर , हाफिज सईद इत्यादि को रोज कोसते  हैं उनका सर काट कर ले आइए। इसमें केवल होंसला चाहिए और कोई क़ानूनी बाधा  नहीं है। लेकिन असल में आपमें होंसला नहीं है असल में आप निहायत डरपोक किस्म के आदमी हैं जो भीड़ को उकसाकर हत्या  करवा सकते हैं और पुलिस के डर से सलवार पहन कर भाग सकते हैं।
                  जो लोग सुविधा भोगी नारे लगा रहे हैं वो बहादुर नहीं हैं मक्कार हैं। अगर आप सचमुच देश से प्यार करते हैं तो मैं बताता हूँ की आपको क्या नारा लगाना चाहिए। आप बोलिए साम्राज्य वाढ मुर्दाबाद , आप बोलिए किसान मजदूर एकता जिंदाबाद, भाईचारा जिंदाबाद, पूंजीवाद मुर्दाबाद , टैक्स चोर मुर्दाबाद। क्या आप बोल पाएंगे। इतना भी नहीं कर सकते और केवल हिन्दुओं के ठेकेदार हैं तो कम से कम इतना तो बोलिए, दलित ब्राह्मण भाई भाई। सारी देशभक्ति और होंसले की हकीकत सामने आ जाएगी।

Saturday, April 2, 2016

एक विफल मुख्य्मंत्री का राष्ट्रवादी विलाप

                     महाराष्ट्र, एक ऐसा प्रदेश जिसने सालों देश की अर्थव्यवस्था का नेतृत्व किया है। प्रति व्यक्ति आय में जो हमेशा ऊपर के स्तरों पर रहा है। जिसकी राजधानी मुंबई पता नहीं कितने नोजवानो के सपनो को पूरा करने का आधार रही है। लेकिन आज उस महाराष्ट्र की क्या हालत है ? देश में आत्महत्या करने वाले किसानों की सबसे बड़ी संख्या यहीं से आती है। देश में पीने के पानी पर धारा 144  यहीं लगानी पड़ रही है। और जो आदमी पुरे देश के सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर का जिम्मेदार है वो इसी प्रदेश से आता है। पिछली बार जब विधानसभा  के चुनाव हुए थे तो बीजेपी ने कांग्रेस की नाकामियों को गिनाते हुए जनता से वायदा किया था की उसके पास इसका हल है। लेकिन आज लोगों को राहत देने के मामले में महाराष्ट्र सरकार देश की सबसे विफल सरकार है।
                   दूसरी तरफ नागरिक अधिकारों की सुरक्षा के मामले में भी इसका रिकार्ड बहुत ही खराब है। महिलाओं को पूजा के अधिकार के मामले में इस सरकार का रुख हमेशा से कटटरपंथियों की तरफदारी का रहा है और संविधान में दिए गए बराबरी के अधिकार को कभी परम्परा और कभी व्यवस्था के नाम पर लागु करने से इंकार करती रही है। दो दिन पहले आये उच्च न्यायालय के सपष्ट आदेश के बावजूद सरकार उसे लागु करने में ना केवल विफल रही है बल्कि उसने उसके लिए कोई प्रयास भी नहीं किया है।
                      ऐसे हालातों में सरकार के पास छुपने के लिए कोई जगह बचती नहीं है। इसलिए बीजेपी के पुराने तरीके के अनुसार उसने फिर हिन्दू राष्ट्रवाद के पीछे छिपने की कोशिश की है। जब राज्य की जनता का जीना  मुहाल हो गया है, लाखों किसान कर्जमाफी की मांग पर डेरा डाले हुए हैं उस समय इन सब चीजों से ध्यान हटाने के लिए मुख्य मंत्री फडणवीस ने फिर भारत माता की जय के नारे के मुद्दे को उठाकर हिन्दू राष्ट्रवाद के पीछे छिपने की कोशिश की है। उनका बयान ना केवल संविधान विरोधी है और समुदायों के बीच नफरत पैदा करने की कोशिश तो है ही, असली मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश भी है।
                       जो लोग भारत माता  की जय नहीं बोलते उनको देश में रहने का अधिकार है या नहीं ये तो इस देश का संविधान तय कर  देगा लेकिन जो मुख्य मंत्री लोगों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था नहीं कर सकता उसे तो एक मिनट भी अपने पद पर रहने का अधिकार नहीं है।

Friday, April 1, 2016

भारत माता और धरती माता का झगड़ा।

खबरी -- अब ये भारत माता के नाम पर नया झगड़ा शुरू हो गया ?

गप्पी -- इसमें एक बात है जो समझ में नहीं आ रही। हमारे देश में पहले भी बहुत से लोग धरती माता की बात करते थे। इनमे बड़ा हिस्सा किसानों का होता था। लेकिन एक बात का कन्फ्यूजन है। अगर पूरी धरती को माँ मान लिया है तो फिर उसमे टुकड़े करने की क्या जरूरत है। अगर पूरी धरती माँ है तो वो धरती भी माँ हुई जो पाकिस्तान, चीन या अमेरिका में है। अब उसको हम क्या माने। ये तो भारत माता और धरती माता के बीच विवाद खड़ा करने की बात है।

Sunday, March 20, 2016

व्यंग -- वोट मांगने का नया तरीका, भारत माता के नाम पर दे दे बाबा

                    बीजेपी राष्ट्रिय कार्यकारिणी की मीटिंग के बाद अरुण जेटली ने और कार्यकारिणी के अंदर प्रधानमंत्री ने कहा, और उनके कहने के बाद वेंकैया नायडू ने जो कहा, उसके बाद हालाँकि किसी और के कहने के लिए कुछ ज्यादा बचता नही है लेकिन फिर भी मैंने सोचा की मैं भी कुछ कह दूँ।
                     अरुण जेटली ने कहा की पहले की सरकारें दिशाहीन थी और ये सरकार सही दिशा में है। इसके दो मतलब होते हैं। एक तो ये की ये सरकार एक ही दिशा में है। पहले की सरकारें इसलिए दिशाहीन थी क्योंकि वो कुछ थोड़ा सा काम किसानो के लिए करती थी, थोड़ा सा मजदूरों के लिए करती थी, थोड़ा सा कर्मचारियों के लिए करती थी और बहुत सा उद्योगपतियों के लिए करती थी। इससे दिशा भरम की स्थिति उतपन्न होती थी। अब जो सरकार है वो केवल एक ही दिशा में काम करती है। बाकि लोगों की तरफ उसने देखना बंद कर दिया है ताकि दिशा भरम ना हो।
                      अंदर प्रधानमंत्री ने कहा की हम सकारात्मक हैं। मुझे लगता है श्री श्री के जलसे का असर अब तक बाकि है। विपक्ष देश को पीछे खिंच रहा है। सरकार विपक्ष के सुझाओं पर अम्ल करने को तैयार है। और उसका उदाहरण ये है की आधार बिल पर पुरे दिन राज्य सभा ने विचार करके जो चार संशोधन सुझाये थे उन्हें सरकार ने लोकसभा में पांच ही मिनट में ख़ारिज कर दिया। इससे ज्यादा सकारात्मक सरकार का उदाहरण और क्या हो सकता है। प्रधानमंत्री ने ये भी कहा की सरकार अपने रास्ते पर चलती रहेगी। किसी की नही सुनेगी। जो लोग सरकार के कहे पर भिन्न मत रखते हैं वो देशद्रोही हैं। जो सरकार से समझ में अलगाव रखते हैं वो अलगाववादी हैं।
                       उसके बाद बीजेपी ने और प्रधानमंत्री ने चुनाव के लिए एक नया मंत्र दिया। उसने कहा की अब विकास के नाम पर वोट मांगने का जमाना गया। क्योंकि ऐसी चीजों पर वोट मिलने की उम्मीद अब नही है। इसलिए अब भारत माता के नाम पर वोट मांगिये। ठीक उसी तरह जैसे अल्लाह के नाम पर लोग कुछ भी मांग लेते हैं। या भगवान के नाम पर मांग लेते हैं। अब इस बात की प्रैक्टिस करो, भारत माता के नाम पर देदे , भारत माता के नाम पर दे दे। और इसके लिए जो सबसे सही जगहें हैं जैसे मंदिरों के बाहर, बाबाओं के प्रोग्रामो के बाहर, सतसंगों के कार्यक्रमों के बाहर। वहां अपनी चटाई बिछा लीजिये और भारत माता के नाम पर मांगिये। इसके लिए ये जरूरी है की इस तरह के कार्यक्रम होते रहने चाहियें। अगर नही होते हैं तो सरकार से अनुदान दे कर करवाइये। किसी भी नाम पर करवाइये लेकिन करवाइये जरूर ताकि अपनी कुछ चटाइयां उसके बाहर बिछाई जा सकें।
                     उसके बाद माननीय वेंकैया नायडू जी आये। उन्होंने कहा की मोदीजी देश को भगवान का तोहफा है। राजनीती में चाटुकारिता और बेशर्मी का नया अध्याय शुरू हो चूका है। अब व्यक्ति पूजा को लोकतंत्र का नया आयाम साबित किया जायेगा। पहले भी बरुआ ने कोशिश की थी इंदिरा जी के नाम पर। अब उसका नया संस्करण लाये हैं श्रीमान नायडू जी। वैसे ये भी हो सकता है की भारत माता के नाम पर वोट मांगने वालों को चटाइयों पर सिंदूर लगा कर रखने के लिए कोई मूर्ती चाहिए होगी। इसलिए उस मूर्ती की तैयारी हो रही है। भक्तो एक नया नजारा पेश होने वाला है। लोग मंदिरों के बाहर एक फोटो पर सिंदूर लगा कर आवाज लगाएंगे की भारत माता के नाम पर दे दे बाबा।

Saturday, March 19, 2016

व्यंग -- मेरे मुहल्ले के गुंडे और भारत माता की जय।

                  सुबह सुबह घर से निकला तो नुक्क्ड़ की पान की दुकान पर चार पांच लड़के खड़े थे। ये सब आवारा किस्म के और गुंडा टाइप लड़के थे जिनसे माँ बाप ने भी उम्मीद छोड़ दी थी। ये लोग मुहल्ले में लड़कियों पर कॉमेंट करने , रस्ते के बीचों बीच बाइक खड़ी करने और देर रात को जोर जोर से हॉर्न बजाने जैसे काम लगातार करते थे। इस बात पर कई बार मुहल्ले के एकाध आदमी के साथ उनका झगड़ा भी हो चूका था। बाकि लोग इनके मुंह लगने से डरते थे। आम आदमी की इसी कमजोरी का ये लोग फायदा उठाते थे। इनके साथ मेरा भी कई बार झगड़ा हो चूका था। मामला बेसक दूसरे का था लेकिन मैं ये ज्यादती बर्दाश्त नही कर पाया। और मेरे कारण एक बार मामला पुलिस तक पहुंच चूका था। ये लड़के मेरे से घबराते थे क्योंकि उनको मालूम था की मैं उनसे डरता नही हूँ और उनसे निपटने के लिए किसी भी हद तक जा सकता हूँ। दूसरा कारण ये था की पूरा मुहल्ला उन्हें पहचानता था और उन्हें किसी का भी समर्थन प्राप्त नही था।
                आज सुबह सुबह उन्हें खड़ा देखकर मूड खराब हो गया। वो मुझे देखकर मेरी तरफ बढ़े। मैं थोड़ा सावधान हो गया। वो मेरे सामने आकर खड़े हो गए। उनमे से एक लड़का, जो आमतौर पर उनका गैंग लीडर होता था मुझसे बोला, " अंकल जी, भारत माता की जय। "
                 " भारत माता की जय। " मैंने जवाब में कहा।
                " ऐसे नही अंकल, जरा जोर लगाकर बोलिए की भारत माता की जय। " वो गुस्ताखी से बोला।
                 " क्यों कोई जबरदस्ती है ? " मैंने प्रतिवाद किया।
                " जबरदस्ती की क्या बात है। लेकिन आपको भारत माता की जय बोलने में क्या आपत्ति है। " वो बोला।
                 " हाँ, मुझे आपत्ति है। मैं तुम्हारे कहने से भारत माता की जय क्यों बोलूं। तुम होते कोण हो ?" मुझे गुस्सा आने लगा।
                " आपको भारत माता की जय तो बोलना ही होगा। वरना तुम्हे इस देश में रहने का कोई अधिकार नही है। " वो आप से तुम पर आ चूका था। और उसकी आवाज तेज होती जा रही थी। तेज आवाज सुनकर चार पांच दूसरे लोग भी आकर खड़े हो गए।
               " किस बात का झगड़ा है सुबह सुबह ? " एक आदमी ने पूछा।
               " ये आदमी कह रहा है की मैं भारत माता की जय नही बोलूंगा। अब आप ही बताइये अंकल की इसको भारत में रहकर भारत माता की जय बोलने से क्या एतराज है। " उसने कहा।
                उस आदमी ने मेरी तरफ देखा और बोला की भाई साहब आपको भारत माता की जय बोलने में क्या एतराज है ?
                 मुझे आश्चर्य हुआ की जिन बदमाशों को पूरा मोहल्ला जानता है उसके कहने पर वो मुझसे जवाब तलब कर रहे हैं। मैंने कहा की मुझे भारत माता की जय बोलने में कोई एतराज नही है लेकिन मैं इनके कहने से क्यों बोलूं ?
                 " सवाल किसके कहने का नही है। सवाल ये है की कहा क्या जा रहा है। हमने इनको भारत माता की जय बोलने को कहा तो इन्होने तो साफ मना कर दिया। अब इस देश का नमक खाने वाला कोई आदमी भारत माता की जय नही बोलेगा तो वो तो गद्दार ही हुआ। " वो लड़का फिर बोला।
                " तुम कोण होते हो मुझे गद्दार कहने वाले ? जाओ नही बोलता, कर लो क्या करोगे। " मेरा सयम जवाब दे गया।
                 " भारत माता की जय तो तुमको बोलना ही होगा। और तुम क्या, तुम जैसे जितने भी गद्दार हैं सबको बोलना होगा। " वो अब हावी होने लगा। तब तक वहां 15 -20 लोगों की भीड़ जमा हो गयी। दो तीन आदमी बीच बचाव करने के लिए आगे आये। वो मुझसे बोले " भाई साहब, क्यों खामख्वाह झगड़ा बढ़ा रहे हो। भारत माता की जय कोई गलत बात तो है नही। एक बार बोल दो और चले जाओ। "
                    " मैं झगड़ा बढ़ा रहा हूँ ? तुम लोग इनकी तरफदारी कर रहे हो। " मुझे उनकी समझ पर अचरज हुआ। आखिर बहुत देर तक झगड़ा चलता रहा। मैं लोगों की समझ पर हैरान था। सभी लोग यही कह रहे थे की भारत माता की जय बोलने में मुझे एतराज क्यों है।
                   अगले दिन सुबह फिर वहां भीड़ लगी हुई थी। जो आदमी कल मुझसे पूछ रहा था की मुझे भारत माता की जय बोलने में क्या एतराज है वो खड़ा उन्ही लड़कों के साथ जोर जोर से बहस कर रहा था। वहां भीड़ जमा थी। मैं भी वहां पहुंचा। मैंने उससे पूछा की क्या बात हुई ? तो उसने बताया की आज उन लड़कों ने उसकी लड़की को घेर लिया और उससे भारत माता की जय बोलने को कहने लगे। मैंने कहा लेकिन उसे भारत माता की जय बोलने में क्या एतराज था ?
                    वो आदमी मुंह फाडे मेरी तरफ देख रहा था।