Showing posts with label Karan. Show all posts
Showing posts with label Karan. Show all posts

Tuesday, August 23, 2016

व्यंग -- अब तुम अकेले हो धनञ्जय।

                     हाँ धनञ्जय, इस प्रतियोगिता में तुम अकेले हो। ये तो तुम्हे मालूम ही होगा की ये द्धापर युग नही है बल्कि कलियुग है। जो सुविधाएँ तुम्हे द्धापर युग में हासिल थी वो अब नही हैं। उस समय तो पूरी सत्ता, पूरा समाज और यहां तक की खुद भगवान भी तुम्हारी जीत के लिए प्रयासरत रहते थे। दूसरे प्रतियोगियों को इसका मलाल भी रहता था और एतराज भी। लेकिन वो कुछ कर नही सकते थे। अब तुम कर्ण को ही लो। जितनी बार भी उससे तुम्हारी प्रतियोगिता हुई, पूरी दुनिया उसे हराने और तुम्हे जिताने लग जाती। कोई भी प्रतियोगिता कभी भी बराबरी पर नही हुई। उसके पास तुम्हारे जैसे सरकारी कोच भी नही थे और सरकारी साधन भी नही थे। उसके बावजूद उसने जब भी तुम्हे ललकारा, तुम्हारे लोगों ने नियम बदल दिए। द्रोपदी का स्वयम्बर तो तुम्हे याद  होगा ? उसे अवसर दिए बिना ही बाहर कर दिया गया। वरना शायद ये देश महाभारत के युद्ध से बच जाता। उसे लायक होने के बावजूद सरकारी विद्यालयों में शिक्षा नही मिली। क्योंकि उस समय क्षत्रियों के लिए 100 % आरक्षण का प्रावधान था। उसने जब ब्राह्मण ऋषि परसुराम से अपनी जाति  छुपाकर शिक्षा प्राप्त की तब परसुराम ने भी उसे श्राप दे दिया। उसके बावजूद तुम उसे युद्ध में हरा नही पाए। तुमने उसे धोखे से मारा और तुम्हारे मित्र कृष्ण ने तुम्हारी इज्जत बचाने के लिए उसे नियमानुसार सिद्ध कर दिया। लेकिन आम लोग इस बात को भूले नही। आज भी आम जन में कर्ण का सम्मान तुमसे ज्यादा है।
                       इस प्रतियोगिता में पितामह भीष्म भी नही हैं जो महिलाओं को प्रतियोगिता से बाहर कर दें। हालाँकि भीष्म के नए अवतार मोहन भागवत ने महिलाओं को हर तरह की प्रतियोगिता से बाहर रखने को जरूर कहा, लेकिन लोग केवल हँस कर रह गए। अब तो लोग कहते हैं की अगर मोहन भगवत की बात मान ली जाती तो भारत को उतने ही मैडल मिलते जितनी संख्या का आविष्कार आर्यभट्ट ने किया था।
                      इस प्रतियोगिता में एकलव्य का अंगूठा काटने की भी मनाही है और कृष्ण को भी कह दिया गया है की बहुत सक्षम हो तो खुद ही उतर जाओ प्रतियोगिता में। बाहर बैठे तुम्हारे लोग हे नरसिंह, हे योगेश्वर, चिल्लाते रहेंगे लेकिन जीतना तो तुम्हे अपनी ताकत पर ही पड़ेगा। यहां कृष्ण खुद हारने पर जरासंध के सामने भीम को नही उतार सकते।
                    सो हे पार्थ, जरा ध्यान रखना। ये कलियुग है और तुम्हे कोई आरक्षण प्राप्त नही है। यहां तुम निपट अकेले हो।

Thursday, June 30, 2016

Vyang -- सुब्र्मण्यम स्वामी और महारथी शल्य

                        मैंने महाभारत को छः बार पढ़ा। एक चीज जो मुझे तब भी समझ में नहीं आई वो ये थी की महाभारत के युद्ध में महारथी शल्य किसकी तरफ से लड़ रहे थे ? मद्र नरेश शल्य पाण्डु की दूसरी पत्नी माद्री के भाई थे इसलिए नकुल और सहदेव के मामा थे। उनके पास बड़ी सेना थी और वो खुद भी बड़े योद्धा थे इसलिए कौरव और पांडव दोनों चाहते थे की वो उनके पक्ष में शामिल हों। लेकिन चूँकि वो पांडवों के मामा थे इसलिए वो पाण्डवों का साथ देने के लिए अपनी सेना के साथ निकले। लेकिन वो प्रशंसा को बहुत पसंद करते थे। दुर्योधन ने उनकी इसी कमजोरी का फायदा उठाया। उसने उनके रास्ते में जगह जगह जलपान और विश्राम का प्रबंध किया। उनके स्वागत के लिए इंतजाम किये। इससे फूलकर महारथी शल्य ने उनके समर्थन का वचन दे दिया।
                   उसके बाद जब कर्ण सेनापति बने और उनका मुकाबला अर्जुन से होना था तो अर्जुन के सारथी कृष्ण थे, सो कर्ण के लिए उनके मुकाबले का सारथी चाहिए। इसलिए दुर्योधन और उनके सलाहकारों ने महारथी शल्य को उनका सारथी बना दिया। बाद में युद्ध के दौरान उसने कर्ण को इतना हतोत्साहित किया की कर्ण भी लगभग भरम का शिकार हो गया और अंत में मारा गया। महाभारत के जानकार कर्ण की हार के पीछे उनके सारथी शल्य को एक प्रमुख कारण मानते हैं।
                     ठीक उसी तरह नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने राज्य सभा में सुब्र्मण्यम स्वामी को अरुण जेटली का सारथी नियुक्त कर दिया। अब सुब्र्मण्यम स्वामी योद्धा तो हैं लेकिन उनका कोई स्थाई पक्ष नहीं है। इसलिए उन्होंने पराक्रम दिखाते हुए पहले अरुण जेटली को ही घेरना शुरू कर दिया। युद्ध में मुख्य योद्धा को हराने के लिए ये जरूरी होता है की पहले उसके सहयोगी योद्धाओं को समाप्त किया जाये। इसलिए सुब्र्मण्यम स्वामी ने सबसे पहले वित्त मंत्री अरुण जेटली के सबसे मजबूत योद्धा रघुराम राजन को समाप्त किया। फिर उसने दूसरे योद्धा अरविन्द सुब्र्मण्यम का रूख किया। इसी दौरान दुर्योधन, मेरा मतलब है की नरेंद्र मोदी बीच में आ गए और उन्होंने उन्हें शत्रु पक्ष की तरफ बाण छोड़ने की सलाह दी। वरना अब तक अरुण जेटली भी कर्णगति को प्राप्त हो चुके होते। लेकिन बकरे की माँ आखिर कब तक खैर मनाएगी। अगर सुब्र्मण्यम  स्वामी को शत्रु पक्ष में पराक्रम दिखाने का मौका नहीं मिला तो उनका रूख फिर अपने ही पक्ष की तरफ हो सकता है। वो आखिर योद्धा हैं और किसी भी योद्धा का प्रथम उद्देश्य पराक्रम दिखाना होता है , ये देखना नहीं होता की सामने कौन है।
                 जिस तरह मुझे ये समझ में नहीं आ रहा की शल्य किसकी तरफ थे, उसी तरह कुछ राजनितिक विश्लेषकों को ये समझ में नहीं आ रहा की सुब्र्मण्यम स्वामी आखिर किस तरफ हैं। वो बीजेपी की तरफ किसी विचारधारा की वजह से तो हैं नहीं, बल्कि उन्हें Z सिक्योरिटी देने, फिर दिल्ली के दिल में बंगला देने और उसके बाद राज्य सभा सीट देने के कारण महारथी शल्य की तरह बीजेपी के अहसानो का बदला चुका रहे हैं। वरना ये वही सुब्र्मण्यम स्वामी हैं जिन्होंने बाकायदा अख़बार में लेख लिखकर और सबूतों के साथ अटल बिहारी बाजपेयी पर आजादी की लड़ाई में गद्दारी करने और अमेरिका के लिए जासूसी करने का आरोप लगाया था।

Wednesday, September 23, 2015

Vyang -- आए दिन बिहार के ( Aaye Din Bihar Ke )

बिहार सुंदरी का स्वयंबर हो रहा है। पुरे देश से महारथी अपने पुरे जोश के साथ, मूछों को खिजाब लगाकर बिहार पहुंच रहे हैं। बिहार सुंदरी को लुभाने के लिए अलग अलग तोहफे और वायदों की भरमार लगी हुई है। मुझे महाभारत में द्रोपदी का स्वयंबर याद आ रहा है। उसमे ही आधा महाभारत तो हो गया था। इसमें भी आधा तो जरूर होगा। कुछ विशेषज्ञ तो पुरे महाभारत की उम्मीद कर रहे हैं। 
                           लोकतंत्र की सुंदरी वरमाला लिए बिहार के आँगन में खड़ी है। 
 ऊपर मछली घूम रही है। नीचे बड़े बड़े धनुर्धारी लक्ष्यवेध को तैयार खड़े हैं। एक बार फिर महारथी कर्ण अपने धनुष के साथ मौजूद हैं। पिछला घटनाक्रम उन्हें याद है इसलिए इस बार अर्जुन को सबक सिखाने की पूरी तैयारी है। धनुष लेकर आगे बढ़ते हैं। तभी पीछे से आवाज आती है, " पहला अवसर मेरा है। " अर्जुन व्यवस्था का प्रश्न उठाते हैं। दादी सफेद हो गयी है। पूरा परिवार साथ में मौजूद है लेकिन कृष्ण नही दिखाई दे रहे। 
        " क्योंकि मैं सूत पुत्र हूँ इसलिए ?" कर्ण मुस्कुराते हैं। क्योंकि कर्ण जानते हैं की समय बदल चूका है। अब सूत पुत्र होना अयोग्यता का नही बल्कि योग्यता का परिचायक माना जाता है। और कर्ण इस बात को दोहराने का कोई मौका नही छोड़ते। 
         " नही, सूत पुत्र तो मैं भी हूँ। गुजरात में हमारी जाती को सूत मन जाता है। और उससे भी आगे की बात ये है की मैंने तो चाय भी बेचीं है। सो एक गरीब के पुत्र को पहला अवसर मिलना ही चाहिए। " अर्जुन ने प्रतिवाद किया। 
           " लेकिन इससे ये पूछा जाये की ये स्वयंबर में किसके लिए भाग ले रहे हैं। खुद तो ये शादी कर नही सकते। और जिस तरह पिछली बार हुआ था की इनकी माता ने तुम्हे पांच-पांच पतियों की पत्नी बना दिया था। इस बार तो 20-25 दावेदार हैं। इसलिए इन्हे तो मौका ही नही मिलना चाहिए। इनसे कहा जाये की ये पहले दूल्हे का नाम बताये। " कर्ण ने ठीक वहां चोट की जो सबसे कमजोर जगह थी। 
            " लेकिन ये कर्ण तो विश्वास घाती है। मैंने इसे अंगदेश का राजा बनाया। ये सोचकर की ये पिछली बार की तरह मेरा साथ देगा। लेकिन इसने पाला बदल लिया। ऐसे विश्वास घाती को तो तुम किसी भी तरह नही चुन सकती। " अर्जुन ने अगला पासा फेंका। 
             " तुमने मुझे अंगदेश का राजा बनने में मेरी सहायता की लेकिन तुमने पिछली बार इस एक अहसान की कितनी बड़ी कीमत वसूल की थी मुझे याद है। तुमने मुझे मेरे ही भाइयों के खिलाफ लड़ने के लिए मजबूर किया। उस समय तुम दुर्योधन के रूप में थे। इस बार तो तुमने मुझे अंगदेश के राज्य से हटाने का पूरा प्रयास किया लेकिन वो तो अच्छा हुआ यादव मेरी मदद को आ गए। सो अब तुम्हारा कोई अहसान बचता नही है। इस बार यादव पिछली बार की तरह तुम्हारे साथ नही मेरे साथ हैं। " कर्ण ने हिसाब चुकता किया। 
              अब अर्जुन के पास दूसरा कोई बहाना बचता नही था सो उसने एकाएक कुछ याद करते हुए कहा ," हम तुम्हारे लिए लाखों करोड़ के गहने और दूसरी सामग्री लेकर आये हैं। अगर तुम हमारा वरण करोगी तो हम तुम्हे सोने से लाद देंगे। " अर्जुन के साथ आए राज्य के लेखाकार ने तुरंत एक सूची सामने कर दी। 
               " इन पर भरोसा मत करना द्रोपदी। ये जो लिस्ट लेकर आये हैं उसमे तुम्हारे पुश्तैनी गहनो को भी शामिल कर लिया है। ये वो गहने हैं जो सालों पहले तुम्हे उपहार में देने की घोषणा की जा चुकी है लेकिन दिए नही गए थे। इन पर तुम्हारा पूरा अधिकार है। ये धोखेबाजी अब नही चलेगी। " कर्ण ने सख्ती से इसका विरोध किया। 
                   लोकतंत्र की सुंदरी परेशान है। सभी तरफ से दावे किये जा रहे हैं। लेकिन कोई मछली पर निशाना नही लगा रहा। सारा फैसला बातों से ही करना चाहते हैं। उसने सिर ऊपर उठाया और घोषणा की। आप लोग इधर उधर की बातें मत करिये और मछली पर निशाना लगाइये। इसमें पहले पीछे का कोई सवाल नही है। अब हमारी समझ में सब आ चूका है। सबको मौका मिलेगा और जरूरी हुआ तो इसके कई दौर भी हो सकते हैं। हमने टेनिस में फैसले के लिए पांच-पांच दौर भी देखे हैं। हमने आयोग बनाया है और वो पूरी प्रतियोगिता संचालित करेगा। और ये मत समझना की इस प्रतियोगिता में तुम दोनों ही हो। बाहर और भी लोग है जो प्रतियोगिता में भाग लेने आये हैं। हो सकता है की उनमे एकलव्य भी हो। 
                       एकलव्य का नाम सुनकर अर्जुन और कर्ण दोनों के माथे पर पसीने की बुँदे छलछला आई। 

खबरी -- मुझे साठ के दशक की एक फिल्म याद आ रही है " आये दिन बहार के " और उसके एक गाने को यों भी गाया जा सकता है। " ये वादे जब तलक हकीकत बने, इंतजार, इंतजार, इंतजार करो "