Showing posts with label manohar parriker. Show all posts
Showing posts with label manohar parriker. Show all posts

Thursday, October 13, 2016

सेना को भी नही बख्सा, सबसे पहले के नारे ने

                     राजनीती में अपने को ज्यादा कुशल और तेजी से काम करने वाला दिखाना आम बात है। जब कोई आदमी या पार्टी खुद को दूसरों से ऊँचा दिखाने की कोशिश करती है तो या तो उसे अपनी उपलब्धियां बतानी पड़ती हैं या फिर अगर उसकी उपलब्धियां बहुत ही ओसत दर्जे की हैं या फिर नही के बराबर हैं, तो उसे दूसरों को छोटा दिखाना पड़ता है।
                      जब दूसरे को छोटा दिखाना होता है तो इस तरह की चीजें ढूंढी जाती हैं जो खुद के अनुकूल हों। इस क्रम में कई बार दूसरों को नीचा भी दिखाना पड़ता है। मौजूद सरकार अपने शुरू के दिनों से ही इस प्रोग्राम पर चल रही हैं। उसे मालूम है की जिस तरह के भारी भरकम वायदे करके वो सत्ता में आयी है उन्हें पूरा करना उसके बस से बाहर की बात है।
                      इसलिए उसने पहले दिन से ही " सबसे पहले " का राग अलापना शुरू कर दिया था। प्रधानमंत्री किसी देश की यात्रा पर जाते हैं तो सबसे पहले जाने वाले प्रधानमंत्री हैं, कोई समझौता करते हैं तो सबसे पहले करने वाले प्रधानमंत्री हैं, सेल्फी लेते हैं तो सबसे पहले लेने वाले प्रधानमंत्री हैं। इस होड़ में पूरा भांड मीडिया जोर जोर से चिल्लाकर सबसे पहले की रट लगाए रहता है।
                     अब इस रट में सेना को भी लपेट लिया गया है। जब सर्जिकल स्ट्राइक की खबर आयी तो ये खबरें भी आने लगी की इस तरह के सर्जिकल स्ट्राइक हमारी सेना पहले भी कई बार कर चुकी है। चूँकि दूसरे देश की सीमा में इस तरह की कार्यवाही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विरोध या आलोचना को आमन्त्रित कर सकती है और उस देश के साथ सम्बन्ध बिगड़ सकते हैं, इसलिए इस तरह की चीजों को सार्वजनिक नही किया जाता। दो देशो के बीच बहुत से ऐसे कूटनीतिक और रणनीतिक फैसले होते हैं जिन्हें आम लोगों के सामने नही लाया जाता। इसलिए पहले कभी इसके बारे में मीडिया को नही बताया गया। इस तरह की खबरें सार्वजनिक होने पर वहां के लोगों में गुस्सा फूट सकता है और सरकार पर बदले की कार्यवाही का दबाव बढ़ सकता है जैसा अब पाकिस्तान के साथ हो रहा है। पाकिस्तान के लाख इंकार करने के बावजूद वहां बदले की भावना बढ़ रही है और जो लोग पहले आतंकवादियों के खिलाफ थे वो भी इस कार्यवाही से  नाराज हैं। इस घटना को मीडिया में  उछालने से सेना को कोई मदद नही मिली केवल बीजेपी के गिरते  हुए  ग्राफ को  सम्भालने में मदद मिली। इसलिए जानकार लोग इसे राजनैतिक फैसला बता रहे हैं। पूर्व सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन ने भी इसे सेना की जरूरत के लिए नही बल्कि बीजेपी की जरूरत के लिए लिया हुआ फैसला बताया है।
                       लेकिन हमारा मुद्दा ये था की खुद को बड़ा दिखाने की होड़ में बीजेपी ने पहले किसी भी सर्जिकल स्ट्राइक से इंकार कर दिया। रक्षा मंत्री ने कहा की सेना ने पहले कभी भी सर्जिकल स्ट्राइक नही किया। अपने बड़बोलेपन में वो ये भी कह गए की मेरे आने के बाद सेना को अपनी ताकत का पता चला। विपक्ष को नीचा दिखने की होड़ में वो सेना को भी नीचा दिखा गए। अब अगर विपक्ष इस स्ट्राइक के नही होने की बात करता है तो उसे गद्दार और पाकिस्तान का समर्थक बताया जाता है और बीजेपी पिछले किसी स्ट्राइक से इंकार करती है तो भी देशभक्त बनी रहती है।
                       इस तरह हर मामले में सबसे पहले का नारा पता नही किस किस को बेइज्जत करेगा। यहां तक की उसने सेना को भी नही बख्सा।

Sunday, October 9, 2016

मनोहर पर्रिकर जी , इतनी गलतफहमियां मत पालिये।

                   सेना की सर्जिकल स्ट्राइक के बाद इस सरकार के मंत्रियों और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने खुद अपनी पीठ इतनी थपथपाई है की अब उसमे से खून निकलने लगा है। और इन पीठ थपथपाने वालों का नेतृत्व जाहिर है की रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर कर रहे हैं। इस होड़ में उन्होंने दो बातें ऐसी कही हैं जो सेना के लिए अपमान की श्रेणी में आती हैं। सेना की इस कामयाबी को राजनैतिक तौर पर भुनाने और वोटों की फसल काटने के लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश में, जहां चुनाव निकट है, जिला स्तर पर अपने सम्मान समारोह रखवा लिए हैं जो आगे जाकर तहसील स्तर तक जा सकते हैं। लेकिन उन्होंने कहा," मेरे रक्षा मंत्री बनने से पहले सेना ने ६५ साल में कुछ नही किया और मैंने सेना को हनुमान की तरह उसका भुला हुआ बल याद दिलाया। " इस बयान को अनदेखा किया जा सकता था अगर इसे देने वाला देश का  रक्षा मंत्री नही होता। इसलिए मैं इस पर कुछ बातें कहना अपना फर्ज समझता हूँ।
                    आदरणीय मंत्रीजी, क्या आपको मालूम है की अब तक सेना को कितने परमवीर चक्र, महावीर चक्र और वीर चक्र दिए गए हैं ? आपको ये तो मालूम होगा  की ये चक्र सैनिकों को युद्ध में उनकी वीरता और अदम्य साहस के लिए दिए जाते हैं और ये कोई पदम् पुरस्कार नही हैं जो अपनी पार्टी के नालायक लोगों को भी बांटे जा सकते हैं बगैर किसी योगदान के। इसके अलावा सीमा पर अदम्य साहस और शौर्य की पता नही कितनी कहानियां दफन हैं क्योंकि उन्हें देख कर सुनाने वाला कोई जिन्दा नही बचा। आपने कितनी सहजता से कह दिया की सेना ने 65 साल में कुछ नही किया।
                     क्या आपको ये भी मालूम नही है की इसी सेना ने पाकिस्तान के उस समय दो टुकड़े कर दिए थे जब आप स्कूल में पढ़ रहे थे। क्या आप बता सकते हैं की अगर आप रक्षा मंत्री नही होते तो सेना से आपका क्या रिश्ता है। आपने तो शायद कभी सैनिक सेवा के लिए आवेदन भी नही किया होगा।
                       मेरी हैसियत नही है की मैं भारतीय सेना के शौर्य का वर्णन कर सकूँ, लेकिन मैं आपको कुछ चीजें जरूर बताना चाहूंगा।
                       क्या आपने ब्रिगेडियर उस्मान का नाम सुना है ? अविभाजित भारत की बलोच रेजिमेंट के ब्रिगेडियर उस्मान, जिन्हें पाकिस्तान ने सेना प्रमुख बनने का ऑफर दिया था। लेकिन उन्होंने बलोच रेजिमेंट छोड़कर भारत में डोगरा रेजिमेंट ज्वाइन कर ली और पाकिस्तान की सेना प्रमुख की ऑफर ठुकरा दी। वो ब्रिगेडियर उस्मान 1948 में ही कश्मीर के मोर्चे पर शहीद हो गए।  बहादुरी के लिए उन्हें नोशेरवां का शेर कहा जाता है। और आज आपकी पार्टी से जुड़े गली मोहल्ले के गुंडे उनके रिश्तेदारों से देशभक्ति का सबूत मांग रहे हैं।
                      चलो कोई बात नही। आप ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह चांदपुरी को तो जानते होंगे ? वही जिनके कारनामो पर बार्डर फिल्म बनी है और जिनका रोल सन्नी दियोल अदा कर रहे थे। भगवान का शुक्र है की ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह चांदपुरी अभी तक स्वस्थ हैं। आप एकबार उनसे जरूर मिलिए। हाँ, अगर आप देश के  रक्षा मंत्री नही होते या आपकी जगह कोई कोई दूसरा आदमी होता तो  इस तरह के बयान के बाद ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह चांदपुरी के सामने जाने से पहले मैं उसे डायपर पहनने की सलाह जरूर देता।
                       आपने हवलदार अब्दुल हमीद का नाम तो जरूर सुना होगा ? 1965 के युद्ध के परमवीर चक्र विजेता। जिनकी बहादुरी ने अमेरिकी पैटन्ट टैंको की इज्जत पर वो बट्टा लगाया था तो कभी धुल नही पाया। लोगों में ये कहावत शुरू हो गयी थी की हवलदार अब्दुल हमीद के सामने आने पर अमेरिकी पैटन्ट टैंक गत्ते के डब्बे में बदल जाता है। ये उस समय की बात है जब आप केवल दस साल के थे। और आज उन्ही अब्दुल हमीद का परिवार भुखमरी की हालत में है।
                     मैंने पहले ही कहा की सेना की बहादुरी की कहानिया लिखना मेरी हैसियत से बाहर हैं। मैं तो केवल आपको कुछ उदाहरण दे रहा था।