Showing posts with label vijay malya. Show all posts
Showing posts with label vijay malya. Show all posts

Wednesday, February 21, 2018

व्यंग -नीरव मोदी को खींच कर लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

PNB घोटाले के बाद माननीय गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह का बयान आया है की अगर जरूरत पड़ी तो नीरव मोदी को खींच कर लायेंगे। मैं कहता हूँ की जरूरत नहीं पड़ेगी। ये कोई भूखे नंगों का देश है क्या ? क्यों खींच कर लाएंगे और अपनी बेइज्जती करवाएंगे। बाकी दुनिया हमारे बारे में क्या सोचेगी ? कहेगी, देखो कैसा निर्लज्ज देश है जो इतनी सी बात के लिए खींच कर ले गए। 130 करोड़ की आबादी वाला देश इतना प्रबंध भी नहीं कर सका। कैसे विजय माल्या के बाद हमने मिनिमम बैलेंस ना होने पर चार्ज लगा कर नुकशान की भरपाई कर ली थी। अब हम उसको दुगना कर सकते हैं। वरना 5000 रूपये बैलेंस न होने पर 100 रूपये जुर्माना लगा सकते हैं और होने पर 150 रूपये लगा सकते हैं। कोई भी नहीं बच पायेगा। साथ ही हम ये भी कह सकते हैं की गरीबों की सरकार है। जो गरीब लोग 5000 का बैलेंस नहीं रख सकते उन पर तो केवल 100 रूपये ही लगाया है और जो अमीर लोग रख सकते हैं उन पर 150 लगाया है। सबका साथ सबका विकास।
                 इसके अलावा हमारी एक संस्कृति है परम्परा है जो हमे विश्व गुरु बनाती है। इस तरह की तुच्छ बात के लिए हम अपनी हजारों साल पुरानी परम्परा का त्याग तो नहीं कर सकते। हमने ललित मोदी के लिए ऐसा कह दिया था। बाद में याद आया की मानवता भी कोई चीज होती है सो हमने अपनी परम्परा की इज्जत रख ली। कहने को तो हमने दाऊद इब्राहिम को भी खींच कर लाने की बात कही थी। लेकिन दाऊद ने एक बार भी नहीं कहा की हमे खींच कर ले चलो। सो हम क्या करें? हम किसी को जबरदस्ती तो खींच कर नहीं ला सकते। छोटा राजन ने जरूर हमे कहा की अब मैं दाऊद से बचने के लिए इंतजाम करने की पोजीशन में नहीं हूँ, इसलिए इससे पहले की दाऊद मुझे टपका दे, मुझे खींच कर ले चलो। और हम खींच लाये।
                ऐसा ही मामला हाफिज सईद का है। पाकिस्तान हमे इजाजत ही नहीं दे रहा है की खींच ले जाओ, वरना तो कब का खींच लाते। हमने विजय माल्या को भी खींच कर लाने के लिए मनाने की कोशिश की थी लेकिन उसने भी मना कर दिया। सो हम कोई दूसरा ढूंढ रहे हैं।
                 कुछ लोग तो इतने निर्लज्ज हैं की भागे ही नहीं। यहीं मौज़ कर रहे हैं। सो उनको तो खींच कर ला नहीं सकते। इटली के मरीन सैनिकों के मामले में तो हमारी संस्कृति का पतन होते होते बचा। वो तो अच्छा हुआ की हमने इटली की सरकार की बात मानकर उन्हें वहीं रहने की इजाजत सुप्रीम कोर्ट से दिलवा दी वरना कुछ देशविरोधी तत्व तो उनको भी खींच कर लाने की बात करने लगे थे। जो लोग देश की परम्परा और हमारी महान संस्कृति को नहीं समझते, उनके मुंह लगना हमने छोड़ दिया है।
              हाँ तो हम नीरव मोदी की बात कर रहे थे। सो हम माननीय राजनाथ सिंह को विश्वास दिलाते हैं की उसे खींच कर लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अरे कुल रकम ही कितनी होती है। जो लोग पूरा दिन एक बार खाना खाकर रहते हैं वो कुछ दिन दो दिन में एक बार खाकर रह लेंगे तो कोई पहाड़ थोड़ा न टूट पड़ेगा। आखिर देश के लिए किसी न किसी को तो क़ुरबानी देनी ही होती है। पिछले दिनों में बैंको ने ढाई लाख करोड़ माफ़ कर दिया , वित्त मंत्री ने बैंको में दूसरा ढाई लाख करोड़ डालने की घोषणा कर दी। हमने दोनों की रक्षा कर ली, घोटालेबाजों की भी और हमारी महान परम्परा की भी। इस देश में अब तक इतने घोटाले हुए, कुछ लोग भाग गए और कुछ लोग यहीं रह गए, लेकिन हमारा कुछ बिगड़ा ? नहीं बिगड़ सकता। आखिर कवि ने ऐसे ही तो नहीं लिखा था की "कुछ बात है की हस्ती मिटती नहीं हमारी " . कवि पहले से जानता था की भले ही गजनवी और गौरी न आएं, भले ही अंग्रेज चले जाएँ, लेकिन हमारे महान देश में लूट की सनातन परम्परा हमेशा जारी रहेगी और हमारा कुछ नहीं बिगड़ेगा। इसलिए हमे नीरव मोदी को खींच कर लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। 

Monday, October 24, 2016

विदेशी कानूनों पर सलेक्टिव रवैया और राजनितिक दावपेंच


                   जिस तरह बाजार विज्ञापनों के जरिये पहले बिना जरूरत की वस्तुओं की मांग खड़ी करता है और फिर उन वस्तुओं को बेच कर मुनाफा कमाता है। ठीक उसी तरह राजनीती पहले समस्याएं पैदा करती है, उन्हें प्रचारित करती है और फिर उन्हें हल करने के वायदे के साथ वोट मांगती है। 
                   जिन देशों को दुश्मन घोषित करना होता है उनके बारे में रवैया और तर्क दूसरी तरह के होते हैं और जिनके साथ भागीदारी करनी होती  है उनके बारे में तर्क दूसरी तरह के होते हैं। 
                   बीजेपी सरकार के सत्ता में आने के बाद हुई कुछ घटनाओं का जिक्र करना जरूरी है। क्रिकेट की सट्टेबाजी से जुड़े मामलों में आरोप झेल रहे ललित मोदी भारत छोड़ कर चले गए। जब वो देश छोड़कर गए थे तब कांग्रेस का शासन था। उसके बाद ये सामने आया की विदेश मंत्री शुष्मा स्वराज ने उन्हें वीजा दिलाने में मदद की। इस पर संसद में बहुत हंगामा हुआ। ललित मोदी को वापिस लाने के लिए दबाव बढ़ा तो भारत सरकार को उसके लिए कुछ प्रयास करने पड़े। आखिर में मामला ये कह कर ठंडे बस्ते में चला गया की ब्रिटेन के कानून ललित मोदी को तुरन्त वापिस भेजने की इजाजत नही देते। इसके बारे में खुद अरुण जेटली ने संसद में बयान देकर ये बात बताई। बात खत्म।
                     उसके बाद विजय माल्या बैंको का 9000 करोड़ रुपया लेकर ब्रिटेन भाग गए। इस पर भी संसद में खूब हो हल्ला हुआ। उसके बाद फिर ये कहा गया की ब्रिटेन कानून इस तरह विजय माल्या को वापिस भारत भेजने की इजाजत नही देते। बात खत्म।
                      हररोज ये खबर आती है की डॉन दाऊद इब्राहिम दुबई में रहता है और वहीं से अपने कारोबार का संचालन करता है। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी है। लेकिन भारत सरकार कभी भी दुबई सरकार पर इसका दबाव नही डाल पाई की वो दाऊद को हमारे हवाले करे। दबाव डालना तो दूर, कभी बयान तक नही आया। दाऊद वहां बैठा है, बात खत्म।
                      अभी एक हफ्ते पहले ये खबर आयी भारत की अदालतों में वांटेड मोईन कुरैशी हवाई अड्डे पर अधिकारियों को चकमा देकर दुबई फरार हो गया। ( हम इस बहस में नही पड़ना चाहते की वो चकमा देकर फरार हुआ या उसे निकाला गया ) क्या आप में से किसी ने सरकार का कोई बयान सुना की दुबई की सरकार उसे गिरफ्तार करके भारत के हवाले करे। नही। बात खत्म।
                      लेकिन वही भारत सरकार पाकिस्तान की सरकार को हररोज कोसती है की वो हाफिज सईद और मसूद अजहर को भारत के हवाले नही कर रही। पाकिस्तान के ये कहने पर की उसकी अदालतें बिना किसी ठोस सबूत के उसके किसी नागरिक को दूसरे देश को सौंपने की इजाजत नही देंती , हम इसे उसकी ड्रामेबाजी कहते हैं। और उसे हररोज मुद्दा बनाते हैं। हमारी सरकार का ये भी कहना है की पाकिस्तान की सरकार जानबूझकर वहां की अदालत में पुख्ता सबूत नही रखती ताकि उन्हें बचाया जा सके। इस बात में दम हो सकता है। लेकिन हम ये क्यों भूल जाते हैं की हम खुद कश्मीर में मसर्रत आलम को जेल में नही रख पाए और जम्मू कष्मीर हाई कोर्ट में उसे जेल में रखने की जरूरत पर पुख्ता सबूत नही पेश कर पाए।
                      इसके पीछे बीजेपी की पाकिस्तान विरोधी हवा को मजबूती देने की राजनीती भी है और हमारे देश के लोगों का करोड़ों, अरबों रुपया चाउ कर जाने वाले आर्थिक अपराधियों को बचाने और उनके साथ मिलीभगत भी एक कारण है। हमारी सुप्रीम कोर्ट जब रिलायन्स को दोषी ठहराते हुए उस पर करोड़ों का जुरमाना करती है तब उसे वसूल करने और कानून का उलँघन करने के लिए उसे लताड़ने की बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी खुद जिओ के विज्ञापन में नजर आते हैं।
                     ये सलेक्टिव नजरिया है जो अपनी राजनितिक जरूरतों और अपने लोगों की तरफदारी से संचालित होता है। पता नही लोग इसे कब समझेंगे।
                 

Saturday, March 26, 2016

व्यंग ख़बरें -- ये क्या हो रहा है भक्तो।

                कल मुझे एक मित्र ने बताया की ललित मोदी का असली नाम लतीफ़ मोदी है और वो एक बांग्लादेशी मुस्लिम है। और विजय माल्या का असली नाम विजय मुल्ला है और वो एक अरबी मुस्लिम है। ये सारा षड्यंत्र एक हिन्दू राष्ट्र को बर्बाद करने के लिए मुस्लिम राष्ट्रों की तरफ से रचा गया है।
                 अनुपम खेर ने JNU में कहा की जेल से लोटा हुआ आदमी हीरो कैसे हो सकता है और उसे सम्मानित नहीं किया जाना चाहिए। बीजेपी ने उनके इस बयान का इतना बुरा माना की कल एक जेल से लोटे हुए आदमी ( अमित शाह ) ने दूसरे जेल से लोटे हुए आदमी ( श्रीसंत ) को केरल की राजधानी से बीजेपी का उम्मीदवार घोषित कर दिया।
                 उत्तराखंड में कांग्रेस के बागी विधायकों को बीजेपी ने ये भरोसा दिलाया की वहां की कांग्रेस सरकार को बदल दिया जायेगा। अगर किसी कारण सरकार नहीं बदल पाए तो राजयपाल को तो जरूर बदल दिया जायेगा।
                  दिल्ली में डा. नारंग की हत्या में शामिल लोगों को इसलिए बांग्लादेशी बताया जा रहा है की असम और बंगाल में चुनाव है। अगर पंजाब में चुनाव होता तो उनका संबंध खालिस्तानी उग्र्रवादियों से स्थापित कर दिया जाता।
                  असम में एक सभा में मोदीजी ने वहां के बीजेपी के CM उम्मीदवार सर्वानंद की तरफ इशारा करते हुए कहा की उनको आसाम भेजने से उनकी सरकार और देश को बहुत नुकशान हुआ है। असम के लोगों ने इस बयान को गम्भीरता से लेते हुए फैसला किया है की वो चुनाव के बाद उसे केंद्र में वापिस भेज देंगे और देश का नुकशान नहीं होने देंगे।

Saturday, March 12, 2016

विजय माल्या, कांग्रेस के दिए हुए लोन और बीजेपी की जिम्मेदारी

             विजय माल्या चले गए। चले ही जाना चाहिए इस देश में और रखा भी क्या था। जितना उसके लिए रखा था वो तो ले ही लिया। अब जब लगा की वापिस देना पड़ सकता है तो चले गए। जो लोग, नेता और टीवी चैनल आमिर खान पर हफ्तों इस बात पर देशद्रोही होने का आरोप लगा रहे थे की उनकी पत्नी ने ऐसा क्यों कहा की क्या हमे देश छोड़ देना चाहिए, उनमे से किसी ने इस सचमुच देश छोड़ने वाले को गद्दार नही बताया। ना राजनाथ सिंह ने, ना आरएसएस ने, और ना सोशल मीडिया पर बैठे भाड़े के देश भक्तों ने। बताते भी कैसे ? विजय माल्या ने धमकी दी है की सबकी पोल खोल दूंगा दस्तावेजों के साथ।
               लेकिन इसके बाद दूसरा सवाल ये है की जब मामला उठा की उसे जाने कैसे दिया तो बीजेपी ने कहा की सारे लोन कांग्रेस के दिए हुए हैं। अब ये नया तरीका शुरू होगा की कांग्रेस के जमाने के दिए हुए लोन कांग्रेस वसूल करेगी और बीजेपी के जमाने के दिए हुए बीजेपी। तरीका तो सही है। लेकिन मुझे एक गड़बड़ लगती है। जो लोन विश्वनाथ प्रताप सिंह, मोरारजी देसाई या आई. के. गुजराल साहब के जमाने में दिए थे उनको कौन वसूल करेगा। साथ ही अब मुझे लगता है की बैंकों का NPA इसी लिए बढ़ रहा है की वो सारे लोन कांग्रेस के जमाने में दिए गए थे तो बीजेपी सरकार क्यों वसूल करे। देश के उन सारे उद्योगपतियों को अब उस लोन का कोई पैसा चुकाने की जरूरत नही है जो कांग्रेस के जमाने में लिए थे। कभी दुबारा कांग्रेस की सरकार आएगी तो देखेंगे, वरना माले गनीमत समझ कर हजम कर लो।
             दूसरी जो चीज मुझे समझ में आई वो ये की, जो बीजेपी कहती रही है की कांग्रेस मुक्त भारत बनाएगी तो उद्योगपति उसका समर्थन क्यों करते थे। अरे भई, इसका दूसरा मतलब ये भी तो हुआ की कांग्रेस मुक्त भारत और कर्ज मुक्त उद्योगपति। जाहिर है की जो लोन कांग्रेस के जमाने में दिए गए थे उनको वसूल करने की जिम्मेदारी बीजेपी की तो है नही। इसलिए सभी उद्योगपतियों को कर्जमुक्त घोषित कर दिया जाये। और मुझे पूरा विश्वास है की बहुत जल्दी ये कर दिया जायेगा।
               मुझे इसमें कोई बुराई भी नजर नही आती। आखिर किसी दूसरे का दिया हुआ कर्जा कोई दूसरा क्यों वसूल करे। बस मुझे एक ही बात और कहनी है। यही बात बीजेपी सरकार वर्ल्ड बैंक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और दूसरे कर्ज देने वाली संस्थाओं को भी कह दे की तुम्हारे से कर्जा कांग्रेस के जमाने में लिया गया था इसलिए हमसे तो उम्मीद मत रखना। आखिर कांग्रेस के जमाने में लिया हुआ कर्जा बीजेपी क्यों भरे।  जब वसूली की जिम्मेदारी नही है तो देने की जिम्मेदारी भी नही है।
               अब आगे से सारे काम इसी हिसाब से होंगे। स्मृति ईरानी कहती हैं की जिन अधिकारीयों ने रोहित वेमुला को बर्खास्त किया उनकी नियुक्ति कांग्रेस के जमाने में हुई थी हमने नही की। सरकार कहती है की जो एफिडेविट सीबीआई ने बदला उसका जवाब कांग्रेस देगी अधिकारी नही। जिन लोगों पर देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, वो सभी अधिकारी कह रहे हैं की ये काम हमने कांग्रेस के एक नेता के दबाव में किया था। और ये वो बड़े गर्व से टीवी चैनल पर कह रहे हैं और मौजूदा सरकार उस तालियां पीट रही है की देखो, हम ना कहते थे।
                मुझे केवल एक बात का डर है। कल कोई युद्ध हो जाये और हमारी पिटाई हो जाये तो बीजेपी ये ना कह दे की इन सारे सैनिकों और अधिकारीयों की नियुक्ति कांग्रेस के जमाने में हुई थी। इसलिए मैं कहता हूँ की देश के सारे कर्मचारियों और अधिकारीयों को बर्खास्त करके नई भर्ती की जाये। सारे बैंकों को बंद करके नए बैंक खोले जाएँ। जिनका पैसा जमा है वो कांग्रेस से मांगे। जिनको देना है वो भूल जाये और नया लोन ले। उसके बाद देश में होने वाली घटनाओं की जिम्मेदारी मौजूदा सरकार की होगी।