Showing posts with label Population. Show all posts
Showing posts with label Population. Show all posts

Friday, September 11, 2015

हमारी सरकार गरीबों की सरकार है---ये रहा हमारा प्लान

हमें ये बात बार बार दोहरानी पड़ती है क्योंकि अभी तक गरीब इस बात पर भरोसा ही नही करते। परन्तु हम जो कहते हैं वो करते हैं ये हमारा रिकार्ड रहा है। इसलिए जब हमने कह दिया की हमारी सरकार गरीबों की सरकार है तो गरीबों को हम पर भरोसा करना चाहिए। हम उन्हें ताकत देना चाहते हैं। कुछ लोगों को ये हजम नही हो रहा की कैसे एक चायवाला प्रधानमंत्री बन गया। लेकिन हम हर कीमत पर गरीबों को ताकत देकर रहेंगे। ऐसा मैंने अपनी लगभग हर रैली में कहा है। आज मैं अपना प्लान लोगों के सामने रखूंगा ताकि उन्हें हमारी ईमानदारी और वायदों पर भरोसा हो सके। गरीबों को ताकत देने का हमारा प्लान इस प्रकार है।
ताकत का मतलब है संख्या -------- 
                                                          हम ये मान कर चलते हैं की किसी भी तबके की ताकत उसकी संख्या पर निर्भर करती है। हमारा दल आरएसएस का हिस्सा है इसलिए हम हिन्दुओं के हितों का खास ख्याल रखते हैं। कुछ लोग तो यहां तक भी कहते हैं की हम केवल हिन्दुओं के हितों का ही ख्याल रखते हैं। कुछ लोग ये भी कहते हैं की हम केवल हिन्दू हित की बात करते हैं और असलियत में हम केवल कुछ उच्च जाती के हिन्दुओं का ही ख्याल रखते हैं। पर ये सच नही है। इस देश में लाखों हिन्दू किसानो ने आत्महत्या कर ली पर हमने कुछ नही किया, लाखों हिन्दू नौजवान रोजगार के लिए धक्के खा रहे हैं लेकिन हमने कुछ नही किया और हजारों हिन्दू भुखमरी से मर रहे हैं पर हमारे कानो पर जूं भी नही रेंगी। ये सब आरोप हैं। हमने इस पर जो जो किया वो मैं आपके सामने रखता हूँ। जैसे ही हिन्दुओं की संख्या 80 % से 1 % नीचे आई हमने कितनी हाय तौबा मचाई आपने देखा ही होगा। हमने हिन्दुओं की जनसंख्या बढ़ाने के लिए हेल्पलाइन तक शुरू करने की बात कही । हम मानते हैं की भले ही हिन्दू कितनी ही बुरी हालत में रहें लेकिन उनकी संख्या नही घटनी चाहिए। यही समझ हमारी गरीबों के प्रति है। हमारा हर कदम गरीबों की संख्या बढ़ाने पर लगा हुआ है। हमारी सरकार आने के बाद बेरोजगारी का प्रतिशत 9 से बढ़कर 17 हो गया इस पर किसी ने ध्यान दिया। इससे गरीबों की संख्या में कितनी बढ़ौतरी हुई होगी और गरीबों की ताकत में कितनी बढ़ौतरी हुई होगी ये देखा किसी ने। हमने गरीबों की संख्या में कमी करने वाले पहले से चले आ रहे मनरेगा जैसे कार्यक्रमों का क्या हाल कर दिया ये देखा किसी ने। हम गरीबों को ताकत दे रहे हैं बिलकुल हिन्दुओं की तर्ज पर, और ये हमारे विरोधियों से बर्दाश्त नही होता।
                           हम गरीबों को ताकत देने के लिए जो प्रयास करते हैं उसका ढिंढोरा नही पीटते। हमारे हर कार्यक्रम को अगर आप ध्यान से देखोगे तो हर कार्यक्रम में गरीबों को ताकत देने और उनकी संख्या बढ़ाने पर हमारा जोर रहा है। हम जब उद्योगपतियों की मीटिंग बुलाते हैं तो उनको भी इसके लिए प्रेरित करते हैं की वो गरीबों की संख्या बढ़ाने और उन्हें ताकत देने के काम में सरकार का सहयोग करें। हालाँकि हम ये भी जानते हैं की उद्योग जगत इस पर पहले से ही बहुत योगदान कर रहा है।
                          हमने प्याज जैसी चीज 90 रूपये किलो बिकवा दी कोई अनुमान कर सकता था ? जब हम दाल 150 रूपये किलो बिकवाते हैं तो उसके पीछे भी हमारा उद्देश्य गरीबों को ताकत देने का ही होता है। और हम ये ताकत देते रहेंगे। हमारी सरकार अपने मिशन से पीछे नही हटेगी। जो लोग इसमें अड़ंगा डाल रहे हैं उन्हें हम कामयाब नही होने देंगे। हम इस देश के सभी हिन्दुओं और सभी गरीबों को ताकत दे कर रहेंगे। बल्कि सही तरीके से कहा जाये तो हम हिन्दुओं और गरीबों के बीच का फासला ही मिटा देंगे। हमारी सलाह के अनुसार अगर हिन्दू अपनी आबादी बढ़ाने जैसे काम करते रहेंगे तो ये फासला बहुत जल्दी मिट जायेगा।
                           अभी हमने देश के पूर्वी हिस्से पर फोकस किया है। मैंने कहा है की जब तक पूर्वी भारत का विकास नही होगा बाकि देश का विकास नही हो सकता। ऐसा इसलिए कहा है क्योंकि पूर्वी हिस्से में गरीबों की तादाद पहले ही ज्यादा है और उसके कारण भी हमारे से पहले ही मौजूद हैं। वहां गरीबों की संख्या और ताकत को बढ़ाना बाकि देश की अपेक्षा ज्यादा आसान है। इसलिए गरीबों को ताकत देने का हमारा मिशन बिहार अब पुरे जोर शोर से शुरू होने वाला है। हमारी हर हिन्दू और हर गरीब से ये विनती है की वो विरोधियों की बात पर ध्यान ना दें। ये सरकार आपको ताकत दे कर रहेगी।

Friday, August 7, 2015

Vyang -- जनसंख्या नियंत्रण का काम रेलवे मंत्रालय को।

गप्पी -- लोग अब तक यही समझते थे की जो मंत्रालय जिस विभाग से संबंधित है वो केवल उसका ही काम करता है। ऐसा संविधान में नही लिखा है ये सरकार का मानना है। इसलिए किसी भी विभाग को कोई भी काम दिया जा सकता है। वैसे जो विभाग जिस काम के लिए बनाया गया है उसका काम तो वो करता ही है। जैसे मैंने सूरत की ट्रैफिक जाम की समस्या पर अपने पड़ौसी से पूछा की वो कौनसे दो मुख्य कारण मानते हैं ट्रैफिक जाम के लिए। तो उसने कहा की पहला तो ट्रैफिक पुलिस और दूसरा महानगर पालिका। उसने कहा की और किसी विभाग को तो अधिकार ही नही है ट्रैफिक जाम करने का।

            मैंने आश्चर्य व्यक्त किया तो उसने समझाया।

   देखो, जो ट्रैफिक पुलिस हम सड़कों पर देखते हैं और समझते हैं की ट्रैफिक को ठीक करने के लिए है दरअसल वो उसके लिए नही है। जो पांच ट्रैफिक कांस्टेबल और दस ट्रैफिक ब्रिगेड के जवान किसी चौराहे पर ड्यूटी दे रहे होते है उनमे से सात लोग चौराहे से पहले पैसे इकट्ठे करते है और सात चौराहे के आगे। चौराहे पर केवल एक आदमी होता है जो इसलिए खड़ा किया जाता है की अगर कोई पहली टीम को धोखा देकर निकलने की कोशिश करे तो वो आगे वाली को खबरदार कर दे। जब चौराहे पर जाम लग जाता है तो हमारी समझदार जनता दूसरी तीसरी लाइन लगा कर दोनों तरफ आमने सामने हो जाती है। कोई निकल नही सकता। तब एक जवान आता है और जो सबसे गलत तरीके से ट्रैफिक रोके हुए हैं उनको सबसे पहले निकलता है। इसलिए हर आदमी गलत जगह जाकर खड़ा होने की कोशिश करता है ताकि उसे पहले निकाल दिया जाये।

           दूसरे, महानगर पालिका के लोग हैं जो वन वे सड़क के दोनों तरफ एक साथ गड्डा खोदते हैं। अगर किसी कारण से एक ही गड्डा खोदना पड़ता है तो उसके बाजू में ट्रक पार्क करके घर चले जाते हैं। उन्हें मालूम है की सड़क उनकी है और बाकि के जो लोग सड़क पर चलते हैं वो उनकी दयाभावना का फायदा उठा कर चलते हैं। शहर में कम से कम सौ जगह ऐसी होती हैं जहां हर तीन महीने में खुदाई की जाती है और दो महीने चलती है। अब तो लोग घर से निकलते ही पूछ लेते हैं की फलां जगह खुदाई तो नही चल रही है वरना दूसरा रास्ता लें। कभी कभी कोई बोर्ड इस्तेमाल करना भी होता है जिस पर लिखा होता है की आगे काम चालू है, तो उसको उस जगह रखा जाता है की वाहन वाले को उसे देखने के बाद कम से कम एक किलोमीटर वापिस आना पड़े।

         मेरे पड़ौसी का मानना है की अगर ट्रैफिक पुलिस और महानगर पालिका को भंग कर दिया जाये तो सूरत की ट्रैफिक समस्या हल हो सकती है।

             खैर, हम तो रेलवे की बात कर रहे थे। सो उसे जनसंख्या नियंत्रण का काम भी दे दिया गया है। यह काम उसे यों ही नही दिया गया है बल्कि बाकायदा उसकी योग्यता को ध्यान में रखकर दिया गया है। रेलवे  ने इस काम के लिए कुछ कार्य योजना तय की हैं। जो इस प्रकार हैं।

        १. सीधी कार्य योजना, जिसे लोग तकनीकी भाषा में दुर्घटना कहते हैं।

        २. रेल में खाने की क्वालिटी ऐसी रखना जिससे आदमी धीरे-धीरे करके लेकिन निश्चित रूप से मर जाये।

        ३. रेल का किराया इतना रखना जिससे कमजोर दिल के आदमियों को भगवान से मिलने के लिए ज्यादा इंतजार ना करना पड़े।

        ४. रेल के डिब्बों में इतनी भीड़ रखना की घरवाले यात्री का श्राद्ध करके ही रेल में बिठाने आएं। ये जो एक एक आदमी को बीस बीस लोग बैठाने आते हैं वो इसीलिए आते हैं की उनको मालूम है की आखरी बार मिल रहे हैं।

        ५. रेल में टिकट चैकर और रेलवे पुलिस के जवानो को भी ट्रेनिंग दी गयी है और वो भी बीच बीच में यात्रियों  को चलती ट्रेन से फेंक कर इसमें योगदान करते हैं।

         ६. जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंचती है, पानी की लाइन बंद कर दी जाती है ताकि गर्मी और प्यास को भी अपनी भूमिका निभाने का मौका मिल सके।

        ७.रेलवे स्टेशनों पर इतनी गंदगी रखी जाती है की यात्रियों की तरह ही हजारों बीमारियां भी शहर में रोज प्रवेश करती हैं। 

          ८. इस कार्ययोजना को तेज करने के लिए एक विशेष सेल बनाया जा रहा है।